- आयुक्त के बंगले पर कलेक्ट्रेट का कब्जा, मनपा के 40 लाख बर्बाद !

Ticker

6/recent/ticker-posts

आयुक्त के बंगले पर कलेक्ट्रेट का कब्जा, मनपा के 40 लाख बर्बाद !

तहसील प्रशासन ने बंगले पर चेप दिया कब्जे का नोटिस

राजस्व विभाग के मालकियत वाले बंगले की मरम्मत पर 40 लाख मनपा ने किया था खर्च 

@चंद्रपुर
चंद्रपुर महानगर पालिका प्रशासन की फिर एक बार किरकिरी हो रही है। बरसों पहले जिलाधिकारी कार्यालय के राजस्व विभाग व सरकारी निवास स्थान वितरण समिति के माध्यम से मनपा प्रशासन के आयुक्त के लिये अस्थायी रूप से आवंटित किये गये बंगले को गुरुवार, 10 मार्च 2022 की शाम जिलाधिकारी के आदेश पर तहसील प्रशासन की ओर से कब्जे में लिया गया है। गत 2 वर्षों से मनपा आयुक्त का यह निवास स्थान राजस्व विभाग को हस्तांतरित करने की सूचनाएं दी जा रही थी। परंतु पूर्व मनपा आयुक्त राजेश मोहिते के तबादले के बाद से उनका निजी सामान यहीं पड़ा होने से मनपा ने जिला प्रशासन के अादेश की अनदेखी की। लेकिन जिला प्रशासन ने अब सख्त कदम उठाते हुए इस बंगले को कब्जे में लेते हुए इस निवास स्थान पर कब्जे का नोटिस चिपका दिया है।


उल्लेखनीय है कि पूर्व मनपा आयुक्त राजेश मोहिते ने अपने अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए करीब 40 लाख रुपये की निधि इस बंगले के मरम्मत पर अनावश्यक रूप से खर्च की थी। जबकि मनपा आयुक्त को इस तरह के खर्च के लिये केवल 25 लाख रुपये की मियाद है। वहीं स्वयं के निवास स्थान के मरम्मत के लिये इतनी बड़ी राशि खर्च करने के पूर्व मनपा सदन की अनुमति नहीं लिये जाने की जानकारी मिली है।

8 फरवरी के नोटिस की मनपा ने नहीं ली दखल
जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से गत 8 फरवरी को आदेश पत्र जारी किया गया। इस पत्र में 14 फरवरी 2020 से जारी पत्राचार का उल्लेख किया गया है। चंद्रपुर शहर के सिविल लाइन, हुतात्मा स्मारक से सटे राजस्व विभाग के बंगला नंबर 3 को मनपा की ओर से तत्काल राजस्व विभाग को हस्तांतरित करने के निरंतर आदेश दिये गये थे। 

तहसीलदार गौंड के लिये बंगला आवंटित
बरसों पहले यह बंगला राजस्व विभाग ने अस्थायी तौर पर मनपा आयुक्त के लिये आवंटित किया था। उस दौरान अनेक पद रिक्त होने तथा तत्कालीन तहसीलदार खांडरे का निजी निवास स्थान चंद्रपुर में होने के कारण यह बंगला मनपा आयुक्त के लिये उपलब्ध कराया गया था। अब जब राजस्व विभाग के सभी रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है तो प्रशासन को अपने अधिकारियों के लिये बंगलों की कमी खल रही थी। वहीं पूर्व मनपा आयुक्त राजेश मोहिते का चंद्रपुर मनपा से तबादला होने के बाद यह बंगला रिक्त पड़ा था। परंतु मोहिते ने अपनी सामग्री इसी बंगले में छोड़ रखी है। इसके चलते मनपा प्रशासन की ओर से यह बंगला राजस्व विभाग को हस्तारित नहीं किया। लेकिन इधर, जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से यह बंगला तहसीलदार नीलेश गौंड के लिये यह बंगला आवंटित कर दिया है। 

26 फरवरी को जिलाधिकारी ने दिया अंतिम आदेश
जिलाधिकारी अजय गुल्हाने ने गत 26 फरवरी 2022 को चंद्रपुर मनपा आयुक्त को नोटिस भेजकर अंतिम सूचना दी। इस आदेश पत्र में उन्होंने तत्काल पूर्व मनपा आयुक्त के लिये आवंटित बंगले को हस्तांतरित करने की सूचना दी। इस पत्र में गुल्हाने ने साफ तौर पर कहा है कि मनपा को अपने आयुक्त के लिये नये निवास स्थान के निर्माण करने के लिये काफी समय दिया गया है। एक वर्ष बीत जाने के बावजूद मनपा आयुक्त का नया निवास स्थान मनपा प्रशासन की ओर से तैयार नहीं किया जा सका। 14 मई 2018 के सरकारी निवास वितरण समिति, चंद्रपुर के सभा की रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद यह ज्ञात हुआ कि 15 नवंबर 2018 को ही मनपा आयुक्त को दिये गये इस बंगले की मंजूरी को रद्द कर इसे राजस्व विभाग को हस्तांतरित करने के आदेश दिये गये थे। वहीं 12 फरवरी 2020 को जिलाधिकारी द्वारा दिये गये निर्देशों का मनपा की ओर से उल्लंघन किया गया है। तत्काल इस बंगले को राजस्व विभाग को हस्तांतरित करने के आदेश जिलाधिकारी गुल्होने ने दिये। 

मनपा के 40 लाख निधि बर्बादी की जांच हो – कक्कड़
राष्ट्रवादी कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष राजीव कक्कड़ ने इस मामले को गंभीर बताया। राजस्व विभाग की ओर से मनपा आयुक्त के बंगले पर कब्जे का नोटिस चिपकाया जाना, यह मनपा प्रशासन की लचर कार्यप्रणाली का परिचायक है। इस तरह से जिला प्रशासन की ओर से बंगले का कब्जा लिये जाने के कारण मनपा की इज्जत तार-तार हुई है। हैरत की बात है कि राजस्व विभाग के इस बंगले के मरम्मत के लिये मनपा सदन की कोई अनुमति नहीं लेते हुए तत्कालीन मनपा आयुक्त राजेश मोहिते ने करीब 40 लाख रुपये की निधि खर्च की है। हालांकि उन्हें केवल 25 लाख रुपये तक की निधि खर्च करने का ही अधिकार है। खुद के निवास स्थान को चमकाने के लिये मनपा के 40 लाख रुपये खर्च कर इसे बर्बाद किये गये। इसलिये तत्काल इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करने की मांग राजीव कक्कड़ ने की है। 

 


Post a Comment

0 Comments