- चंद्रपुर जिले के वोटर लिस्ट में 14,567 गड़बड़ियां

Ticker

6/recent/ticker-posts

चंद्रपुर जिले के वोटर लिस्ट में 14,567 गड़बड़ियां


10 + 1 नप चुनाव : कैसे संतुष्ट होंगे वोटर ?

चंद्रपुर.

राज्य चुनाव आयोग की ओर से महाराष्ट्र में नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के चुनावों की तारीख घोषित किए जाने के बाद अब चुनावी सरगर्मियां बढ़ गई है। लेकिन मतदाता सूची की गड़गड़ियों को लेकर लोग अब भी परेशान दिखाई देते हैं। कल जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पत्र परिषद में फिर एक बार वोट चोरी और वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों का मुद्दा देश के पटल पर हाइड्रोजन बम की तरह बरसने लगा तो स्थानीय चुनावों को लेकर भी संदेह क स्थिति अधिक गहराने लगी है।

क्योंकि वर्तमान में चंद्रपुर जिले के 10 नगर परिषद एवं एक नगर पंचायत में चुनाव होने जा रहे है। इस बीच यहां के तमाम मतदाताओं में वोटर लिस्ट की गड़बड़ियों को लेकर बेचैनी दिखाई पड़ रही है। आलम यह है कि जिले में वर्तमान में 14,567 से अधिक की संख्या में लोगों ने अपनी आपत्तियां दर्ज कराई है। वोटर लिस्ट की इन गड़बड़ियों को समय रहते किस हद तक ठीक किया जा सकेगा, यह तो वक्त ही बताएगा। 

इस बार लोकल बॉडी के चुनावों में अपने ही दल का परचम लहलहाने के लिए प्रत्येक राजनीतिक दल लालायित है। आचार संहिता लग गई है और 2 दिसंबर 2025 को जिले के नप एवं नपं क्षेत्र में मतदान होना है। सीधे तौर पर 11 नगराध्यक्ष चुने जाएंगे। इस दौरान जो हजारों प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरेंगे, उनमें से 232 नगरसेवक चुनाव जीतने का सेहरा पहनेंगे। 11 शहरों में होने वाली यह चुनावी जंग 14,567 आपत्तियों एवं गड़बड़ियों के कारण कहीं रोष का कारण न बन जाएं। इसलिए संबंधित प्रशासन को गंभीरता से सुधार कार्य करने की आवश्यकता है।

वोटर लिस्ट की गड़बड़ियों को समझिए
जिले के बल्लारपुर, गडचांदूर, घुग्घुस, वरोरा, चिमूर, भद्रावती, ब्रम्हपुरी, भिसी, नागभिड़, मूल, राजुरा में 2 दिसंबर को चुनाव होने जा रहा है। लेकिन यहां की वोटर लिस्ट पर 14,567 आपत्तियों का अंबार है। बताया जाता है कि बल्लारपुर में 5,900 आपत्तियां पेश की गई थी। इनमें से 111 आपत्तियों को प्रशासन ने नामंजूर कर दिया, जबकि शेष आपत्तियों को मंजूर करते हुए इसे सुधारने की प्रक्रिया जारी की। वहीं गडचांदूर में 2,950 आपत्तियां दर्ज की गई थी, इसका समाधान करने का भी दावा प्रशासन कर रहा है। पहली बार नप के चुनाव में उतरे घुग्घुस में 1547 आपत्तियां पेश की गई थी, इनमें से 1035 आपत्तियों को मान्य कर शेष 422 आपत्तियों को अमान्य कर दिया गया। जबकि वरोरा में कुल 1,226 आपत्तियां दर्ज की गई थी, इनमें से 1081 आपत्तियों को मान्य कर 62 आपत्तियों को नामंजूर कर दिया गया। यदि बात की जाएं चिमूर नप की तो यहां चिमूर नप के तहत कुल 892 आपत्तियां मतदाताओं ने पेश की, इनमें से 804 का समाधान किए जाने का दावा प्रशासन ने किया है, वहीं 88 आपत्तियों को प्रशासन ने नामंजूर कर दिया। भद्रावती नप के तहत कुल 803 आपत्तियां मिली थी, इनमें से 636 को मंजूर और शेष 167 को नामंजूर कर दिया गया। कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाले ब्रम्हपुरी नप में कुल 490 आपत्तियां दर्ज की गई थी। इनमें से 54 आपत्तियों को नामंजूर कर शेष आपत्तियों का समाधान करने का दावा किया गया है। भिसी नगर पंचायत में कुल 300 आपत्तियां पेश की गई, सभी का समाधान करने की बात कही जा रही है। नागभिड़ नप में 294 आपत्तियां मिली और सभी का समाधान करने का दावा है। जबकि मूल में कुल 165 आपत्तियां पेश की गई और 17 आपत्तियों को नामंजूर कर शेष का निराकरण किए जाने का दावा है। हैरत की बात है कि अब तक उस राजुरा क्षेत्र के आंकड़े उजागर नहीं किए गए जहां लगातार वोट चोरी के आरोप लगते रहे हैं। यहां भी अनेक आपत्तियां हो सकती है। क्योंकि मृतकों के नाम वोटर लिस्ट में मौजूद होने की बात कही जा रही है।

 

जिले के वोटर लिस्ट पर आपत्तियां

क्षेत्र - आपत्तियां

बल्लारपुर – 5,900

गडचांदूर – 2,950

घुग्घुस – 1547

वरोरा – 1,226

चिमूर – 892

भद्रावती – 803

ब्रम्हपुरी – 490

भिसी – 300

नागभिड़ – 294

मूल – 165

राजुरा – अनेक (आंकड़े उपलब्ध नहीं)

कुल - 14,567

Post a Comment

0 Comments