- “चंद्रपुर एक्सपोजर” का असर : 354 करोड़ की अमृत योजना का होगा ऑडिट

Ticker

6/recent/ticker-posts

“चंद्रपुर एक्सपोजर” का असर : 354 करोड़ की अमृत योजना का होगा ऑडिट

NCP मंत्री तनपुरे ने अनेक मामलों में मनपा अफसरों को फटकारा

राकांपा नेता राजीव कक्कड़ ने दस्तावेजों के साथ मनपा को घेरा

आयुक्त की दलीलों को नकारते हुए ब्लू लाइन मसलेे को किया हल

@चंद्रपुर
महाराष्ट्र् के नगर विकास, ऊर्जा, आदिवासी, उच्च व तकनीकी शिक्षा, आपदा प्रबंधन और मदद व पुनर्वास राज्य मंत्री प्राजक्त तनपुरे शनिवार, 19 फरवरी को चंद्रपुर दौरे पर आये हैं। सुबह 10 बजे सीएसटीपीएस की बैठक निपटाने के बाद वे मनपा कार्यालय पहुंचे। यहां मनपा के आला अधिकारियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने मनपा आयुक्त समेत अनेक अधिकारियों को फटकार लगाते हुए लचर कार्यप्रणाली के खिलाफ रोष जताया। राकांपा शहर जिलाध्यक्ष राजीव कक्कड़ की ओर से पेश किये गये दस्तावेजों व विकास की गड़बड़ियों को देखते हुए तत्काल 354 करोड़ की अमृत योजना का थर्ड पार्टी ऑडिट करने के निर्देश दिये। साथ ही इरई नदी किनारे बसे नागरिकों को मनपा की ओर से अनापत्ति प्रमाणपत्र देने में बरती जा रही नीतियों को गलत ठहराते हुए 1.5 मीटर ऊंचाई की नींव बनाने पर नगर रचना विभाग की ओर से अनुमति प्रदान करने के निर्देश भी मंत्री तनपुरे ने दिये।

ज्ञात हो कि शनिवार, 19 फरवरी की सुबह ही “NCP मंत्री तनपुरे के समक्ष ढेरों चुनौतियां : कक्कड़ व भटारकर की नैया मझधार में” शिर्षक के तले चंद्रपुर की राजनीति व प्रशासनीक अनास्था को लेकर “चंद्रपुर एक्सपोजर” ने अनेक तथ्यों को उजागर करते हुए मंत्री महोदय को इन तमाम समस्याओं पर ध्यानाकर्षण कराया था। इस खबर को मंत्री महोदय को उनके करीबियों ने दिखाया। जिसके बाद सारे मसलों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने अनेक मामलों में प्रशासन की खिंचाई की।

अमृत योजना का निर्माण कार्य कछुआ गति से चलने पर ऐतराज जताते हुए मंत्री तनपुरे ने इस योजना पर काम कर रहे कामगारों व निरीक्षकों की संख्या अधिकारियों से पूछी। साथ ही खुदाई के बाद लगाये जा रहे गट्‌टू आदि कार्य घटिया होने की शिकायत से वे काफी नाराज हो गये। बैठक में उन्होंने 354 करोड़ की इस योजना को थर्ड पार्टी के माध्यम से ऑडिट करवाने के निर्देश दिये। कुल मिलाकर यह बैठक मनपा की कार्यप्रणाली की पोल खोलने का माध्यम बनी।

 

Post a Comment

1 Comments