■ अंकित बिल्डर्स एंड डेवलपर्स में पिता-पुत्र ने वकील महिला को 14.50 लाख से ठगा
@चंद्रपुर
चंद्रपुर शहर का लगातार विस्तार हो रहा है। लोग अपने आशियाने के सपने को साकार करने के लिये फ्लैट खरीद रहे हैं। लेकिन एक वकील महिला को अंकित बिल्डर्स एंड डेवलपर्स के स्नेहांकित मून व सुमित मून के सुमित्रा नगर तुकुम के एम्बीशियस गैलेक्सी अपार्टमेंट में फ्लैट क्रमांक एफ-2 दिलाने के नाम पर तुकुम तलाव निवासी आशिष बगडे व विठ्ठल बगडे ने 14 लाख 50 हजार रुपये से ठग लिया। जब इसकी शिकायत तुकुम निवासी फरियादी व वकील मनिषा कार्लेकर ने दुर्गापुर पुलिस से की तो पिता-पुत्र आरोपी बगडे के खिलाफ पुलिस ने भादंवि की धारा 420, 34 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तुकुम के अंकित अपार्टमेंट निवासी 37 वर्षीय महिला वकील मनिषा विनायक कार्लेकर ने अपने परिचित कवडू फुटाने के माध्यम से फ्लैट खरीदी के संदर्भ में तुकुम तलाव, हनुमान मंदिर परिसर निवासी आशिष विठ्ठल बगडे व विठ्ठल मारोति बगडे से संपर्क किया। बगडे ने मनिषा को एम्बीशियस गैलेक्सी अपार्टमेंट में फ्लैट क्रमांक एप-2 बेचने की मंशा जाहिर की। वकील मनिषा को बगडे ने कागजातों में पटवारी अभिलेख के अनुसार 2 बीएचके प्रथम माले पर होने की जानकारी दी। 20 जून 2019 को पंजीकृत बिक्री पत्र के तहत अंकित बिल्डर्स एंड डेवलपर्स स्नेहांकित मून व सुमित मून के एम्बीशियस गैलेक्सी अपार्टमेंट में फ्लैट खरीदे जाने की जानकारी दी। जिसके बाद वकील मनिषा व उनके पति ने 20 लाख रुपयों में फ्लैट खरीदने का सौदा तय किया। 28 अगस्त 2020 को विसार पत्र के अनुसार नकद 12 लाख रुपये बगडे को दिये गये। शेष 8 लाख रुपये 10 अक्टूबर 2020 को रजिस्ट्री के समय देने का तय हुआ। पश्चात 9 अक्टूबर 2020 को ढाई लाख का चेक आशिष बगडे को दिया। शेष 5 लाख 50 हजार रुपये 30 नवंबर 2020 को देने की सहमति बनी। परंतु तय समय में आरोपी आशिष ने रजिस्ट्री नहीं कराई। बाद में उसे लगातार पूछे जाने पर वह फरियादी वकील को टालता रहा। फरियादी को संदेह होने पर उन्होंने रजिस्ट्री आफिस में जाकर दस्तावेजों की जांच की। तब पता चला कि अंकित बिल्डर्स एंड डेवलपर्स स्नेहांकित रमेश मून व सुमित रमेश मून ने 19 मई 2020 को ही यह फ्लैट नितीन अन्नाजी सातपुते को बेचा था। आरोपी आशिष व उसके पिता विठ्ठल बगडे ने मिलीभगत कर विसार पत्र के माध्यम से वकील मनिषा कार्लेकर को 14 लाख 50 हजार रुपयों से ठग दिया। इसकी शिकायत दुर्गापुर पुलिस को दिये जाने पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
0 Comments